औरंगाबाद 26 मई।
आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी के बीच कस्बा औरंगाबाद के प्राचीन चामुंडा मंदिर की कमेटी ने मानवता की एक अनूठी और अनुकरणीय मिसाल पेश की है। मंगलवार को मां चामुंडा देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जवाहर लाल सैनी और पवन ठोर के नेतृत्व में आवासीय वृद्धाश्रम, जहांगीराबाद पहुंचकर वहां रह रहे बेसहारा बुजुर्गों के साथ न सिर्फ समय बिताया, बल्कि अपने हाथों से उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया।
वृद्धों की सेवा करने पहुंचे मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। इस अवसर पर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष जवाहरलाल सैनी और पवन ठोर ने बुजुर्गों को ढांढस बंधाते हुए विश्वास दिलाया कि वे खुद को अकेला न समझें। कमेटी ने भरोसा दिया कि आगे भी मां चामुंडा मंदिर कमेटी के द्वारा इन बुजुर्गों के लिए कपड़े, उत्तम भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था निरंतर की जाती रहेगी।
बुजुर्गों ने भी भीषण गर्मी में उनके बीच पहुंचे सेवादारों को दिल खोलकर दुआएं और आशीर्वाद दिया। इस पुनीत और सेवाभावी कार्य के दौरान मां चामुंडा देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष जवाहरलाल सैनी, पवन ठोर, चेतन सैनी, कर्मवीर भड़ाना, अमरपाल सैनी, दीपक शर्मा तथा संजय गिरी आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे और सभी ने इस सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया।
भीषण गर्मी में अपनों से दूर बुजुर्गों को मिला ‘मां चामुंडा कमेटी’ का सहारा, परोसा प्रेम का भोजन जवाहर सैनी और पवन ठोर के नेतृत्व में जहांगीराबाद वृद्धाश्रम पहुंची टीम, जीवनभर सेवा का लिया संकल्प।