
अनूपशहर,
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में “सरदार @150 पदयात्रा–यूनिटी मार्च” का अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रगौरव की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बी. के. पब्लिक स्कूल, जटवाई (बिन्नर देवी रोड) से पदयात्रा को केंद्रिय राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा, बुलंदशहर सांसद डॉ. भोला सिंह और अनूपशहर विधायक श्री संजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला अध्यक्ष श्री विकास चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को विशिष्ट बनाया।
पदयात्रा के दौरान तिरंगे की शान, राष्ट्रभक्ति गीतों की धुन और युवाओं के जोशीले नारों ने पूरे मार्ग को देशभक्ति की ऊर्जा से सराबोर कर दिया। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया, जबकि बच्चों एवं युवाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया।
यात्रा का समापन जनता इंटर कॉलेज, जहांगीरबाद में आयोजित विशेष समारोह में हुआ, जहाँ मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अपने संबोधन में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल भारत की अखंडता और दृढ़ इच्छाशक्ति के प्रतीक हैं, और युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अनुशासन एवं सेवा भाव से आगे बढ़ना चाहिए। सांसद डॉ. भोला सिंह ने युवाओं की भागीदारी को राष्ट्र के सुरक्षित भविष्य का संकेत बताया, वहीं जिला अध्यक्ष श्री विकास चौहान और विधायक श्री संजय शर्मा ने इस पदयात्रा को बुलंदशहर की सामाजिक एकता और देशभक्ति का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प के साथ राष्ट्र की उन्नति, एकता और आत्मनिर्भरता में योगदान देने की प्रतिज्ञा ली। यह आयोजन सम्पूर्ण जिले में राष्ट्रीय चेतना और एकता का सशक्त संदेश बनकर उभरा।