C.V. कॉन्वेंट स्कूल के सामने ट्रक रोककर दबंगों ने बरसाईं लाठियाँ, छह नामजद
औरंगाबाद
थाना औरंगाबाद क्षेत्र के अंतर्गत सी.वी. कॉन्वेंट स्कूल के सामने बेखौफ दबंगों ने ट्रक सवार दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर उन्हें मरणासन्न कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को आनन-फानन में अस्पताल के आई.सी.यू. (ICU) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित पिता ने छह नामजद और तीन-चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
क्या है पूरा मामला:
ग्राम हजरतपुर अभयपुर (थाना अगौता) निवासी रतन सिंह पुत्र मंगला सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को उनके दो पुत्र राजकुमार और गब्बर उर्फ बन्टी सिंह ट्रक लेकर औरंगाबाद की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे सी.V. कॉन्वेंट स्कूल के पास पहुँचे, वहाँ पहले से घात लगाकर बैठे ग्राम जिताका निवासी लोकेश, अनुज, पिंकू, धन्नी, बन्टी तथा ग्राम खनौदा निवासी प्रमोद धोबी ने अपने 3-4 अज्ञात साथियों के साथ ट्रक को रोक लिया।
लाठी-डंडों से किया हमला:
आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले में राजकुमार और बन्टी को सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर राहगीरों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित पिता रतन सिंह ने थाना औरंगाबाद पहुँचकर नामजद तहरीर दी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।